जवाहर नवोदय विद्यालय धुनगिर में 12वीं कक्षा की छात्रा शीतल असवाल के लापता होने से विद्यालय में हड़कंप है। प्री-बोर्ड परीक्षा में टॉपर रही यह छात्रा बृहस्पतिवार सुबह से लापता है। विद्यालय प्रशासन ने पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दे दी है।
चिन्यालीसौड़ निवासी शैलेंद्र असवाल की बेटी शीतल जवाहर नवोदय विद्यालय धुनगिर में 12वीं कक्षा की छात्रा है। वह विद्यालय के छात्रावास में ही रहतीं थीं। वह आखिरी बार बृहस्पतिवार सुबह साढ़े सात बजे छात्रावास में देखी गई। लापता छात्रा अपने कमरे में एक पत्र छोड़कर गई है, जिसमें उसने लिखा है कि मैं भगवान के पास जा रही हूं।
प्रधानाचार्य आरके शर्मा ने बताया कि सुबह नाश्ते के समय शीतल छात्रावास में कपड़े सुखा रही थी। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। उन्होंने पूर्वाह्न 11:30 बजे एसडीएम पुरोला को इसकी सूचना देने के साथ ही नायब तहसीलदार के यहां गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। छात्रा के लापता होने से विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं। विद्यालय प्रशासन एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी उसकी खोजबीन में जुटे हैं। पुलिस भी सभी मार्गों पर वाहनों में सघन चेकिंग अभियान चला रही है।