रुड़की में बैंकेट हॉल से टेंट हाऊस के बर्तन चोरी कर ले जा रहे एक आरोपी को लोगों ने दबोच लिया। बैंकेट हॉल के कर्मचारियों ने आरोपी की धुनाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
केएलडीएवी कालेज के पास स्थित एक बैंकट हॉल में सुभाष नगर निवासी एक व्यक्ति का सोमवार सुबह शादी समारोह चल रहा था। इस शादी समारोह में कचहरी रोड स्थित सुमित्रा टेंट हाऊस का सामान आया था।
रिक्शा लेकर गया
सुबह के समय एक युवक रिक्शा लेकर वहां पर पहुंचा। इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता आरोपी ने बैंकट हॉल से 3 भिगौने, 7 बर्तन और 4 परात रिक्शा में लाद लिए।
आरोपी रिक्शा में माल लेकर आराम से निकल पड़ा। इसी बीच टेंट हाऊस स्वामी विशाल और सुरेशानन्द की उस पर नजर गई तो वह भौचक्के रह गए।
जब रोका तो भागने लगा
टेंट हाउस के मालिकों ने पीछा कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया। इस पर आरोपी वहां से भागने लगा। लोगों ने आरोपी को घेरकर दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। आरोपी की धुनाई करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सुरेशानन्द की तरफ से पुलिस को तहरीर भी दी गई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।