शनिवार तड़के बेखौफ चोर दो दुकानों के शटर तोड़कर माल पर हाथ साफ कर रहे थे, तभी गश्त पर निकली पुलिस ने चोरी करते हुए एक को रंगे हाथ धर दबोचा।
इस बीच तीन चोर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। हत्थे चढ़े आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक बैग बरामद किया, जिसमें चोरी के मोबाइल मिले।
अंदर ही फंस गया
श्यामपुर बाईपास मार्ग पर स्थित अमितग्राम में अखिलेश सिंघल की साईं इंटरप्राइजेज के नाम से मोबाइल शॉप है। शनिवार तड़के चोर शॉप का शटर तोड़ सामान पर हाथ साफ कर रहे थे। इसी बीच गश्त पर निकले सिपाही मनोज नेगी और मुकेश कुमार ने शॉप का आधा शटर खुला देखा तो उन्हें संदेह हुआ।
जैसे ही मौके पर पहुंचे दुकान के बाहर संदिग्धावस्था में खड़े तीन लोग फरार हो गए, जबकि दुकान से बाहर निकल रहा युवक हत्थे चढ़ गया। उसके पास मोबाइल से भरा बैग मिला।
कबूली चोरी की बात
कड़ी पूछताछ में उसने मोबाइल शॉप के समीप संजय भट्ट की कंफेक्शनरी और जनरल स्टोर का शटर तोड़कर बैग, चमड़े की बैलटें और चप्पल चोरी करने का जुर्म कबूला।
कोतवाल अर्जुन सिंह रावत ने हत्थे चढ़े आरोपी की पहचान मदनलाल निवासी फिरोजपुर, पंजाब के रूप में कराई। उधर, मोबाइल शॉप स्वामी ने बताया कि मौके से फरार चोर पांच मोबाइल ले गए हैं।