घंटाघर पर एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में घुसे चोर लैपटॉप और कैमरे समेत हजारों रुपये का माल लेकर फुर्र हो गए। चोर एमडीडीए पार्किंग की तरफ से चौथी मंजिल पर जीने का दरवाजा तोड़कर दाखिल हुए। दुकान के अंदर के कैमरे बंद थे, जबकि एमडीडीए की तरफ से लगाए गए कैमरे खराब थे। यहां प्रकाश की व्यवस्था न होने का भी चोर ने पूरा फायदा उठाया।
शहर के घंटाघर पर विवेक अरोरा की फ्रंटियर इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान है। रविवार रात चोरों ने दुकान में घुसकर तीन कैमरे, लैपटॉप और कई मोबाइल चुरा लिए। सोमवार सुबह प्रतिष्ठान खुला तो चोरी का खुलासा हुआ। चोर एमडीडीए पार्किंग के पीछे से चौथी मंजिल पर पहुंचा। वहां जीने पर लगा टीन का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
प्रतिष्ठान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे, जबकि एमडीडीए द्वारा लगाए गए कैमरे पहले से खराब चल रहे हैं। एमडीडीए पार्किंग की तरफ भी किसी तरह की प्रकाश व्यवस्था नहीं है। इसका चोरों ने पूरा फायदा उठाया है। घंटाघर भी इन दिनों अंधेरे में है। यहां लगी सोडियम भी खराब पड़ी है। बता दें कि पहले भी इस मार्केट में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। हैरत की बात यह है कि घटनास्थल एक तरफ पुलिस पिकेट है और दूसरी तरफ धारा पुलिस चौकी।