फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दून में जहां ताला वहीं चोरों का धावा

Sat, 24 Jan 2015 04:50 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
राजधानी दून में रात के वक्त पुलिस चौकसी बढ़ी तो चोरों ने दिन के उजाले में बंद मकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। गलज्वाड़ी में सेवानिवृत्त सूबेदार के घर का ताला तोड़ चोरों ने नकदी, जेवरात समेत सात लाख का सामान उड़ा लिया। घटना के वक्त दंपति सैन्य कैंटीन से सामान लेने गया था।
विज्ञापन


महज दो घंटे के भीतर चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। कैंट कोतवाली क्षेत्र के गलज्वाड़ी के इंदिरा नगर निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार नंदबहादुर क्षेत्री शुक्रवार सुबह 10:30 बजे घर में ताला लगाकर पत्नी संग गढ़ी कैंट स्थित कैंटीन गए थे। दोपहर 12:30 बजे के करीब वापस आए तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला।

भीतर अलमारियों के ताले टूटे होने के साथ सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों से नकदी और जेवर गायब था। सूचना पर पड़ोसी और पुलिस भी पहुंच गई।

क्षेत्री ने बताया कि चोर सात हजार रुपये नकद, सोने के कंगल, नेकलेस, चेन, अंगूठियां, टॉप्स ले गए। इनकी कीमत सात लाख रुपये के करीब बताई गई है। चोरों द्वारा मकान में तीन ताले तोड़े गए हैं। माना जा रहा है कि ताला लगाकर देखकर चोर अंदर दाखिल हो गए। पुलिस ने चोरों द्वारा छोडे़ गए निशानों को उठाने के लिए फिंगरप्रिंट टीम की भी मदद ली। नंद बहादुर का बेटा नौसेना में है, जबकि बेटी वाणिज्य कर विभाग में हरिद्वार में तैनात है।
विज्ञापन
विज्ञापन

जहां ताला, वहीं चोरी

राजधानी में घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगाना चोरों को न्योता देने जैसा बन गया है। चोर अधिकतर उन्हीं घरों में घुसते हैं, जहां बाहर ताला लगा मिलता है। लगातार बढ़ती चोरी की वारदातों से पुलिस पर भी सवाल उठने लगे हैं, लेकिन लोगों को खुद भी जागरूक होना जरूरी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पुष्पक ज्योति का कहना है कि मकान खाली छोड़ने से पहले पुलिस और अथवा पड़ोसी को बता कर जाए, ताकि उस पर नजर रखी जा सके।

कहां गया ‘एंटी थेफ्ट सेल’
शहर में चोरी की वारदातों पर एक वर्ष पूर्व पुलिस ने एंटी थेफ्ट सेल का गठन किया था। घर बंद कर शहर से बाहर जाने वाले लोगों के लिए पुलिस ने एक नंबर भी जारी किया था। इस नंबर पर सूचना देनी होती थी कि परिवार कितने समय तक बाहर रहने वाला है। सेल संबंधित थाने को जानकारी देता था, जिसके बाद चीता पुलिस हर रोज सुबह-शाम घर की निगरानी के साथ पड़ोसियों को भी नजर रखने के लिए सचेत करती थी। लेकिन, कुछ माह पूर्व यह सेल बंद कर दिया गया।

हर दिन एक चोरी
20 जनवरी- दवा कारोबारी गौरव गुप्ता के आवास पर चोरी
21 जनवरी- आईटीबीपी रोड पर बीमा कर्मचारी का खंगाला मकान
22 जनवरी- बसंत विहार के तेलपुर में ताराचंद के मकान में चोरी
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें