प्रेमनगर के सरकारी अस्पताल में उपचार कराने आई महिला के चिकित्सक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाने से हंगामा हो गया। महिला शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंच गई। बाद में थाने में चिकित्सक ने माफी मांग महिला से लिखित समझौता कर लिया। पुलिस मामले में किसी तरह की कार्रवाई से इनकार कर रही है।
प्रेमनगर के सरकारी अस्पताल में शुक्रवार को महिला पति के साथ इलाज के लिए पहुंची थी। आरोप है कि इलाज के दौरान पति को दवा लेने के लिए बाहर भेजने के बाद चिकित्सक ने महिला के साथ बदतमीजी की।
माफी मांग डॉक्टर ने किया समझौता
महिला ने विरोध करते हुए हंगामा कर दिया, जिससे वहां तमाशबीनों का तांता लग गया। दंपति की चिकित्सक से गरमा-गरमी भी हुई। चर्चाएं तो मारपीट तक की रहीं, लेकिन पुष्टि नहीं हो सकी। महिला सरकारी डॉक्टर की शिकायत लेकर प्रेमनगर थाने पहुंच गई। आरोप लगाया कि चिकित्सक ने अकेला पाकर उससे छेड़छाड़ की है।
आरोप गंभीर होने की वजह से पुलिस ने चिकित्सक को थाने बुला लिया, जहां काफी देर उनमें गहमागहमी होती रही। बाद में चिकित्सक ने महिला से माफी मांग कर लिखित समझौता कर लिया। एसओ शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि महिला की शिकायत पर चिकित्सक को बुलाया गया था। लेकिन बाद में समझौता होने के कारण किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने मारपीट की बात से इनकार किया है।