मुरादाबाद में हाईवे जाम काबू करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
पड़ोसन की धमकियों से आजिज आकर आत्मदाह करने वाली ग्रेजुएशन छात्रा ज्योति सैनी का शव शुक्रवार रात मुरादाबाद पहुंचा तो भीड़ भड़क गई और शव रखकर हाईवे जाम कर दिया। भीड़ करीब दो घंटे तक हाईवे पर हंगामा करती रही। इस दौरान बेकाबू भीड़ ने राहगीरों से बदसलूकी के साथ पुलिस से धक्की मुक्की भी की।
भड़के लोग जेल में बंद छात्रा के पिता को पैरोल पर रिहा करने की मांग कर रही थी। लेकिन डीएम ने कानूनी पहलुओं का हवाला देकर पैरोल से इंकार कर दिया। मझोला थानाक्षेत्र में प्रकाश नगर गली नंबर दो निवासी शंभू नाथ सैनी की बेटी ज्योति सैनी (20) ने बुधवार सुबह अपने घर की छत पर तेल उड़ेलकर खुद को आग लगा ली थी।
गुरुवार रात दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में ज्योति की मौत हो गई थी। बीए प्रथम वर्ष की छात्रा ज्योति के पिता शंभूनाथ, चाचा नन्हें सैनी और पड़ोसी सोनू कत्याल को पुलिस ने तीन जुलाई को दो दलित बहनों से सरेआम छेड़छाड़ के मामले में जेल भेजा था।
आरोप है कि दोनों बहनें ज्योति के भाई को भी छेड़छाड़ में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दे रही थीं, इसी से आजिज आकर उसने खुद को आग लगा ली। शुक्रवार रात करीब आठ बजे ज्योति का शव एंबुलेंस से मुरादाबाद पहुंचा तो भड़के परिजनों ने हाईवेे पर मझोली चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
करीब दो घंटे तक हाईवे जाम करके भीड़ हंगामा करती रही। पब्लिक का रुख देख शहर के सभी थानों की फोर्स और पीएसी मौके पर कॉल कर ली गई। पब्लिक ने शंभूनाथ को पैरोल पर छोड़ने की मांग की लेकिन डीएम के इंकार के बाद देर रात छात्रा के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।