इस तरह की चोरी के बारे में सुनने को कम ही मिलता है और ऐसे चोर भी। पढ़ेंगे तो आप भी आश्चर्य करेंगे। बसंत विहार के हरिपुरम कांवली निवासी अतुल वंशल ने पहले गाड़ी बेची और फिर खुद ही चोरी कर ली।
जीएमएस रोड पर 14 माह पहले बेची कार को साथी की मदद से चुराने वाले पूर्व मालिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर कार भी बरामद हो गई। उधर, पटेलनगर पुलिस ने चोरी की कार समेत एक चोर को दबोचा है।
बसंत विहार के हरिपुरम कांवली निवासी अतुल वंशल ने मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना दी कि घर के बाहर से उसकी इंडिका चुरा ली गई। जांच में पता चला कि चोरी की कार 14 माह पहले जोगीवाला के देवेन्द्र कुमार से खरीदी गई थी।
उस समय कार की एक चाबी दी गई थी, जबकि दूसरी चोरी होना बताया गया था। पुलिस ने शक के आधार पर देवेन्द्र कुमार से पूछताछ की तो पूरा कहानी सामने आ गई।
कार पूर्व मालिक ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की। पुलिस ने कार बरामद कर ली है।
उधर, पटेल नगर पुलिस ने चोरी की कार समेत पटियाला के एक युवक को गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि शिमला बाईपास चौक निवासी गजेन्द्र सिंह ने 30 जनवरी को पटेलनगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उसकी कार चुरा ली है।
मामले में पुलिस ने मेरठ के गंगा नगर निवासी हर्शल गोयल को पकड़ा था, लेकिन कार बरामद नहीं हो पाई थी। पुलिस टीम ने कुरुक्षेत्र के पटियाला निवासी विवेक शर्मा को मंगलवार को गिरफ्तार कर कार बरामद कर ली।