हरिद्वार जिले में लक्सर कोतवाली के एक गांव में एक युवक पर 6 साल की बच्ची को गोद में खिलाने के बहाने उसके साथ छेड़खानी करने का आरोप है। बच्ची की मां ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पुलिस से शिकायत की।
क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने लक्सर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मंगलवार सुबह उसकी छह वर्षीय बेटी घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच पड़ोस के ही एक युवक ने उसको खिलाने के बहाने गोद में उठा लिया। महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी युवक उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने लगा। जब उसने युवक को इस तरह की हरकत करते देख तो उसका विरोध किया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी युवक अपने परिवार वालों के साथ मौके पर पहुंचा और उसके साथ मारपीट करने लगा। शोर सुनकर कई लोग मौके पर आ गए। जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। महिला ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उधर, कोतवाल अमरचंद शर्मा का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है, इसके बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो