रुद्रपुर के रम्पुरा क्षेत्र से सातवीं के एक छात्र को अगवा कर लिया गया है। अपहर्ताओं की ओर से छात्र के परिजनों से 10 लाख की फिरौती मांगने की बात सामने आ रही है। हालांकि छात्र के परिजनों इस बात से इनकार कर रहे हैं।
बेटे के अगवा होने से मां की तबियत बेहद खराब हो गई है। उनका रो रोकर बुरा हाल है। इस मामले में एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले का कहना है कि रम्पुरा थाने में छात्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई है, किसी भी अनहोनी से बचने के लिए पुलिस की दो टीमें यूपी के सीमावर्ती जिलों में लगातार दबिश दे रही हैं।
अपहृत छात्र (12) के पिता के मुताबिक शुक्रवार सुबह 9 बजे उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने उनसे कहा कि वह उनके पुत्र का दोस्त है और उससे उसकी बात करा दें। इस पर उन्होंने बेटे से फोन करने वाली की बात करा दी। कुछ देर बाद उनका बेटा घर से चला गया, लेकिन उसके बाद वह लौट के नहीं आया।
जब उस नंबर पर कॉल किया जिस नंबर पर उनकी बात हुई थी तो वह फोन स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद छात्र के पिता ने रम्पुरा चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी। एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले ने पुलिस की दो टीमें गठित कर छात्र के पिता को उनके साथ रवाना कर दिया।
सुराग मिलने पर यूपी के कुछ क्षेत्रों में दबिश दी
पुलिस
- फोटो : file photo
इधर, बताया जाता है कि पुलिस कुछ अहम सुराग मिलने पर यूपी के कुछ क्षेत्रों में दबिश भी दी। छात्र के अपहरण की खबर फैलते ही पूरे रम्पुरा क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोगों का कहना है कि छात्र के घर से जाने के बाद अपहरणकर्ताओं ने लगातार दो तीन बार 10 लाख रुपये फिरौती के लिए फोन किया था। हालांकि छात्र के परिजन इस बात से इनकार कर रहे हैं।
इधर, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ ने छात्र की बरामदगी के लिए उसकी मां के साथ कोतवाली में एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले से मुलाकात की। रम्पुरा के सैकड़ों लोगों ने भी कोतवाली में निरीक्षण को पहुंचे एसएसपी का घेराव कर अंकित की शीघ्र बरामदगी की मांग की।
दो दिन की कार्रवाई शून्य
रुद्रपुर। दो दिन पूर्व अपहृत छात्र के पिता ने रम्पुरा चौकी पुलिस को सूचना दे दी थी, लेकिन बताया जाता है कि पुलिस ने इसे गंभीरता नहीं लिया। यदि पुलिस इस पर तुरंत एक्शन लेती तो शायद अब तक छात्र को सकुशल बरामद कर लिया गया होता।