अशोका लीलेंड के पास दो सुपरवाइजरों को लूटने की वारदात के महज तीन घंटे बाद कार सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर रुद्रपुर शहर से सटे बिंदुखेड़ा गांव में राइस मिलर्स को बंधक बनाकर दिनदहाड़े उसकी होंडा सिटी कार, साढ़े तीन लाख की नकदी और मोबाइल लूट लिया।
विरोध करने पर राइस मिलर्स के सिर पर तमंचे की बट से वार कर बदमाशों ने उसे घायल कर दिया और फरार हो गए। जिले में तीन घंटे के भीतर लूट की दो घटनाओं से पुलिस में खलबली मच गई है। पीड़ित ने सीओ को घटना की तहरीर दे दी है।
मुख्य बाजार निवासी अर्पित छाबड़ा पुत्र श्याम सुंदर की बिंदुखेड़ा गांव में अराध्या इंडस्ट्री नाम से धान मिल है। मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे अर्पित मिल से साढ़े तीन लाख रुपये का कैश लेकर होंडा सिटी कार (यूके06एएफ 1600) से रुद्रपुर आने को निकले थे। गेट से निकलते ही बिना नंबर स्विफ्ट कार में आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने कार रुकवाई।