गदरपुर के ग्राम झगड़पुरी में दो हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में धावा बोल दिया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर परिजनों को बंधक बनाकर लाखों के जेवरात और नगदी लूट ली।
इस बीच, विरोध करने पर उन्होंने नवविवाहिता को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मंगलवार सुबह चार बजे पुलिस को दी गई। एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले, एएसपी रुद्रपुर पंकज भट्ट, एएसपी काशीपुर कमलेश उपाध्याय, सीओ राजेश भट्ट, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट दयाल शरण सहित पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस पड़ताल में जुट गई है।
शहर से करीब तीन किमी दूर हाइवे स्थित ग्राम झगड़पुरी निवासी मेहरबान अली ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर में सोए थे। बरामदे में पिता अब्दुल वाहिद और मां शफीकन सोई थी। मेहरबान ने बताया कि सोमवार रात करीब तीन बजे हथियारों से लैस दो नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए।
आते ही उन्होंने पहले अब्दुल और उसकी पत्नी शफीकन को जगाकर बंधक बना लिया। इसके बाद मेहरबान के कमरे का दरवाजा खुलवाया। जैसे ही मेहरबान ने कमरे का दरवाजा खोला, बदमाशों ने तमंचे के बल उसे व उसकी पत्नी को भी बंधक बना लिया। एक बदमाश सेफ में रखे जेवरात और नगदी निकालने लगा।
इस दौरान पत्नी फईमजहां के विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली फईम के सिर में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बदमाश दीवार फांदकर फरार हो गए। उसके बाद बंधक परिवार के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, उन्होंने दरवाजा खोला। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना थाने में दी।
थाने के अधिकारियों ने इस घटना से पुलिस के उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया। पुलिस ने तहरीर के आधार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धारा 452, 342, 394 एवं 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उधर, रुद्रपुर में नवविवाहिता के शव का पोस्टमार्टम हुआ। उसके बाद मायके वाले शव अपने गांव मीरापुर, स्वार (रामपुर) ले गए।
बदमाशों को पकड़ने के लिए छह टीमें गठित
एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले ने बताया बदमाशों को पकड़ने के लिए छह टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर भेजी गई हैं। उन्होंने कहा पांच एसटीएफ फोर्स एवं एक टीम थाना गदरपुर की है। उन्होंने कहा जल्द घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
फॉरेंसिक टीम ने लिए नमूने
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम का भी सहयोग लिया। टीम प्रभारी दयाल शरण ने आंगन में पड़े खून, कमरे में रखी सेफ आदि के फिंगर प्रिंट भी लिए।
खुलासा न होने पर दी धरने की धमकी
मृतका के परिजनों ने हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस को एक सितंबर की शाम तक की मोहलत दी है। मृतका के चाचा फिरासत अली एडवोकेट ने आरोप लगाया कि फईमजहां की हत्या के पीछे गहरी साजिश है। उन्होंने ससुराल पक्ष पर फईमजहां को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है।