टिहरी के चिन्यालीसौड़ में विधवा के साथ गांव के ही व्यक्ति द्वारा चलती गाड़ी में रेप की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला के भाई ने थाना धरासू में तहरीर देकर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
लिफ्ट देकर करना चाहा रेप
छह दिसंबर की शाम ब्रह्मखाल क्षेत्र में एक 49 वर्षीय विधवा महिला अपने गांव आ रही थी। इस बीच महिला के गांव के वाहन चालक मोहनलाल पुत्र कारीगिरू ने उसे अपने वाहन में बिठाकर घर छोड़ने की बात कही जिस पर महिला गाड़ी में बैठ गई।
चालक उसे घर छोड़ने के बजाय दो किमी दूर तक ले गया, जहां उसने गाड़ी में ही महिला के साथ जबरन रेप की कोशिश की, लेकिन महिला किसी तरह भाग निकली और रात आठ बजे अपने घर पहुंची। पीड़ित महिला के परिजनों ने इसकी सूचना उसके मायके वालों को दी।
महिला के भाई ने दी तहरीर
मंगलवार को महिला के भाई ने थाना धरासू में तहरीर देकर आरोपी युवक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आरोपी की तलाश में उसके गांव पहुंची, लेकिन वह घर पर नहीं मिला।
थाना प्रभारी के सरकारी काम से बाहर गए होने के कारण देर शाम तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई है।