हरिद्वार जिले के मंगलौर नगला सलारू में हुई पंकज की हत्या के मामले में वांछित आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम यूपी में कई स्थानों पर ताबड़तोड़ छापे मार रही है।
रोहना कलां मुजफ्फरनगर निवासी पंकज की तीन दिन पूर्व नगला सलारू के जंगल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पढें, मुजफ्फरनगर बवाल से हरिद्वार में हाई अलर्ट
इस मामले में पंकज के भाई शंकर ने जिन चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है उनमें से मुख्य आरोपी राकेश के खिलाफ मुजफ्फरनगर क्षेत्र में पहले भी हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है।
इतिहास खंगाल रही पुलिस
दूसरे आरोपी सुरेश के खिलाफ भी चार मुकदमे छपार थाने में दर्ज हैं। ये मुकदमे हत्या का प्रयास और अन्य धाराओं में दर्ज कराए गये थे।
पढें, मुजफ्फरनगर के युवक की गोली मारकर हत्या
पुलिस अन्य दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक पंकज के खिलाफ भी हत्या और शस्त्र अधिनियम के दो मामले दर्ज थे।
पुलिस टीम मुजफ्फरनगर भेजी
सीओ जीबी पाण्डेय का कहना है कि हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस टीम मुजफ्फरनगर भेजी गई है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास जानने के लिये मुजफ्फरनगर पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।
साथ ही आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्यारोपी शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।