एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल ने हल्द्वानी में चल रहे एक बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। महिला सरगना सहित दो दलालों को गिरफ्तार करते हुए तीन लड़कियों को बरामद किया गया है।
पुलिस टीम को सरगना के पति नहीं मिल पाया है। पुलिस ने बताया कि सरगना का पति मौके से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
कई दिनों से पुलिस ने बिछाया जाल
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल प्रभारी डीएल वर्मा के अनुसार पिछले कई दिनों से हल्द्वानी में चल रहे एक सेक्स रैकेट की सूचना लगातार मिल रही थी। आरोपियों को पकड़ने के लिए सेल ने एक ट्रैप लगाया।
सेल प्रभारी ने ग्राहक बनकर एक दलाल को फोन किया। जिससे सौदा हुआ कि 35 हजार में तीन लड़कियां एक रात के लिए उनके पास भेजी जाएंगी। दलाल को पांच हजार रुपये एडवांस दिए गए। ये भी तय हुआ कि लड़कियां आने के तुरंत बाद पूरी पेमेंट देनी होगी।
रात में जैसे ही दो दलाल और महिला सरगना तीन लड़कियों को लेकर बरेली रोड पर तय जगह पहुंचे तो सेल की एक टीम ने सभी का पकड़ लिया।
पुलिस ने लड़कियों को छुड़ाया
लड़कियों को बरामद कर कोतवाली लाया गया। जबकि दो दलाल और सरगना को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की गई। दलालों की पहचान हल्द्वानी निवासी परवेश और दिलीप के रूप में हुई। जबकि महिला सरगना का पति मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
बहन ने ही धंधे में धकेला
वर्मा के अनुसार बरामद की गई दो लड़कियां रामनगर की तथा एक गदरपुर की है। जिनमें से एक नाबालिग है। नाबालिग ने बताया कि उसकी बड़ी बहन ने उसे इस धंधे में धकेला था।
दलाल के अनुसार उन्हें नए साल में नैनीताल भी भेजा गया था। जिसका सौदा 20 हजार में हुआ था। जिसमें से दस हजार उन्हें दिए गए थे। बाकी पैसे उसने खुद रख लिए थे।