देर रात देहरादून के त्यागी रोड पर रिश्तेदार के घर से लौट रही महिला से चीता पुलिस के दो सिपाहियों ने छेड़छाड़ कर दी। महिला के चीखने की आवाज सुनकर जुटी पब्लिक ने पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया। पब्लिक का आरोप है कि पुलिसकर्मी नशे में थे। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने भीड़ को समझाबुझाकर शांत कराया। पुलिसकर्मियों ने नशे में होने की बात और छेड़छाड़ के आरोपों से इनकार किया है।
घटना देर रात करीब 12 बजे की है। एक महिला अपने रिश्तेदार के घर से लौट रही थी। उनके साथ रिश्तेदार परिवार की एक महिला और उनका बेटा भी था। आरोप है कि वहां पहुंचे चीता सवार दो पुलिसकर्मियों ने महिला से छेड़छाड़ कर दी।
छेड़छाड़ की घटना पर भड़के लोग
छेड़छाड़ की घटना पर मौके पर काफी लोग जमा हो गए। पुलिसकर्मियों को पकड़ कर हंगामा किया और पुलिस के आला अफसरों को घटना की सूचना दी। मौके पर एसपी सिटी अजय सिंह ने मामले की गंभीरता समझते हुए पब्लिक को जांच का भरोसा देकर शांत कराया।
उधर चीता सिपाहियों का कहना है कि कंट्रोल रूम से एक महिला से मारपीट की शिकायत पर वह त्यागी रोड पहुंचे थे, रास्ते में दो महिला और एक युवक मिला तो उन्होंने पीड़ित महिला समझकर पूछताछ की तो महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया।