पुलिस ने छह शातिर चोरों को गिरफ्तार कर शहर और देहात की पांच वारदातों के खुलासे का दावा किया है। इनके पास से 12 हजार की नगदी के अलावा सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए है। एक चोरी का माल ज्वालापुर में एक सर्राफ को बेचा गया है। पुलिस ने सर्राफ को वांछित कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक देहात श्वेता चौबे ने बताया कि डोईवाला, रायपुर और राजपुर क्षेत्र में चोरी की वारदातों के मद्देनजर डोईवाला इंस्पेक्टर राजेश शाह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम ने भानियावाला के पास से छह चोरों अरुण उर्फ आलू, सोनू उर्फ महारानी, भूरा निवासी चूना भट्टा, सिकंदर उर्फ हीरी निवासी दीप नगर, जितेश निवासी नांगलोई नई दिल्ली और पवन उर्फ तोतला निवासी चकशाह नगर को पक ड़ लिया।
पूछताछ में उन्होंने पांच चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए 12 हजार रुपये नगद, सोने के दो कडे़, चार अंगूठी, तीन हार, चेन, टाप्स, मंगल सूत्र और चांदी के जेवरात बरामद करा दिए। चोरों ने बताया कि चोरी का कुछ माल ज्वालापुर निवासी सर्राफ राहुल कुमार भारद्वाज को बेचा था। पुलिस उसकी तलाश में गई तो सर्राफ वहां से फरार हो गया।
एसपी देहात ने बताया कि सर्राफ को वांछित कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।