राजस्व पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर सिदोली क्षेत्र में पिछले साल हुई दो चोरियों का खुलासा कर दिया है।
आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर जिला जेल पुरसाड़ी भेज दिया गया है।
लगातार की कई चोरियां
बीते 23 अगस्त रात्रि को चोरों ने पटवारी क्षेत्र श्रीकोट के पोखरी गांव निवासी हरपाल सिंह की दुकान से हजारों का सामान और गौशाला से दो बकरियां चोरी कर ली थीं। इसके दो दिनों बाद चोरों ने जलगांव निवासी अशोक सिंह की भी दो बकरियां साफ कर दी थीं।
लगातार हो रही चोरी की इन घटनाओं से ग्रामीणों में रोष था। दोनों घटनाओं की रिपोर्ट 26 अगस्त को राजस्व उपनिरीक्षक जगदीश चंद्र ओलिया के पास दर्ज कराई गई।
बकरियां हुईं बरामद
राजस्व पुलिस ने छानबीन के दौरान इस मामले में गौचर नगर क्षेत्र में मांस की दुकान चलाने वाला बिजनौर निवासी इलियास मोहम्मद, पोखरी गांव निवासी सुरेंद्र सिंह, और पोखरी की ही एक महिला रेखा देवी को गिरफ्तार किया।
ओलिया ने बताया कि आरोपितों से चोरी की गई चारों बकरियों और सामान को भी बरामद कर लिया है जबकि गांवों से आ रही अन्य चोरी की घटनाओं की भी अब सूचनाएं आ रही हैं। बताया जा रहा है कि आरोपित महिला अक्सर हरिद्वार आती जाती है जिसकी छानबीन की जा रही है।