नए बस अड्डे पर मृत मिले युवक के भाई की तहरीर के आधार कोतवाली पुलिस ने एक युवती और उसके परिजनों के विरुद्ध हत्या, आपराधिक साजिश और सुबूत मिटाने का केस दर्ज किया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के सिर और नाक की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने युवती के परिजनों के बयान और साक्ष्यों के आधार युवती के मंगतेर को हिरासत में लेकर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मान रही है।
जानकारी के मुताबिक चोपड़यूं (पौड़ी) निवासी योगेश बहुगुणा (21 वर्ष) पुत्र अनिल बहुगुणा का शव 27 अक्तूबर की सुबह बस अड्डे पर बने कमरे में बरामद हुआ था। योगेश देहरादून की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रक ड्राइवर था।
पुलिस अधीक्षक बीजे सिंह ने बताया कि मृतक के जानने वालों से पता चला कि वह दीपावली की छुट्टी के बाद देहरादून से रुद्रप्रयाग के निकट एक गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने गया था।