उत्तराखंड में काशीपुर की पाकीजा कॉलोनी निवासी पप्पू की हत्या मोहल्ले के ही युवक ने की थी। पप्पू के बार-बार गालियां देने से गुस्साकर युवक ने उसे गोली मार दी थी।
पुलिस ने शुक्रवार को पप्पू हत्याकांड का खुलासा करते हुए हत्या में प्रयुक्त तमंचे के साथ हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी ने टीम को डेढ़ हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।
पाकीजा कॉलोनी निवासी पप्पू पुत्र बुद्ध सेन की 29 जून की रात गोली मारकर हत्या कर दी थी। शुक्रवार को आईटीआई थाने में एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने पप्पू हत्याकांड का खुलासा करते हुए कहा कि अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस और एसओजी के अधिकारियों व जवानों की एक टीम बनाई गई।
टीम की जांच पड़ताल में पाकीजा कॉलोनी के ही नासिर का नाम सामने आया, उसका मोबाइल भी बंद मिला। वह घर से गायब था। इससे उसकी भूमिका संदिग्ध हो गई। सर्विलांस से पता चला कि पप्पू ने अंतिम बार नासिर से बात की थी।
शुक्रवार को मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि नासिर कुंडेश्वरी चौराहे पर खड़ा है, टीम ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने बताया कि पप्पू उसे बिना वजह गालियां देकर शर्मिंदा करता था। वह अपने को वकीलों का खास आदमी बताकर किसी केस में फंसाने की धमकी देता रहता था।
घटना की रात पप्पू ने उसे फोन पर गालियां दीं। इसके बाद रास्ते में उसने डराने के लिए पप्पू को तमंचा दिखाया, लेकिन वह डरने के बजाय उसे फिर गालियां देने लगा। गुस्से में आकर उसने गोली मार दी। पुलिस ने नासिर द्वारा छुपा कर रखा 315 बोर का तमंचा भी बरामद कर लिया।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, सीओ पीसी आर्या मौजूद थे। टीम में एसओ आईटीआई हरेन्द्र चौधरी, उप निरीक्षक प्रहलाद सिंह, उप निरीक्षक सुधाकर जोशी, उप निरीक्षक हरिनंदन जोशी, उप निरीक्षक पीडी जोशी, उप निरीक्षक बीएस खाती थे।