छुट्टियों पर देहरादून आए मर्चेंट नेवी के एक अफसर के खाते से पांच लाख रुपये साफ कर दिए गए। पीड़ित ने इस मामले में बैंक के अलावा पुलिस में शिकायत की है। रकम इंटरनेट बेकिंग के जरिये निकाली गई है।
देहरादून के पार्क रोड निवासी और बैंक प्रबंधक रहे एसएस विजन का बेटा आशुतोष विजन मर्चेंट नेवी में है। विजन एक माह से छुट्टियों पर घर आया हुआ है। बुधवार को उनके मोबाइल पर दो लाख रुपये खाते से निकलने का पहला एसएमएस आया।
यह देखकर आशुतोष सकते में आ गए। वह शिकायत करने के लिए हाथी बड़कला स्थित बैंक की शाखा पर गए, तब तक उनके खाते से पांच लाख रुपये की रकम उड़ा दी गई। बैंक ने जांच के बाद बताया कि यह रकम इंटरनेट बेकिंग के जरिये निकाली गई।
बैंक के अलावा शहर कोतवाली में ठगी को लेकर तहरीर दी गई है। हालांकि अभी इस मामले में अभियोग पंजीकृत नहीं हुआ है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि इस मामले में साइबर थाने की मदद लेकर कार्रवाई की जा रही है।