उत्तराखंड के रुड़की में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक को पता पूछने के बहाने रोका और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। युवक ने विरोध का प्रयास भी किया लेकिन आरोपी उसे धक्का देकर बाइक से फरार हो गए।
पहले पूछा पता
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अंबर तालाब निवासी ललित बृहस्पतिवार की दोपहर को किसी काम से राजेन्द्र नगर की तरफ गया था। काम निपटाने के बाद वह रामनगर कोर्ट के बाहर से जा रहा था।
इसी बीच कोर्ट के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसके पास आकर बाइक रोकी। बाइक रोकने के बाद आरोपियों ने उससे किसी का पता पूछने का ड्रामा किया।
टाइम बताने के लिए फोन निकाला तो ले उड़े
ललित ने कहा कि उसे पता नहीं मालूम तो आरोपियों ने उससे टाइम पूछा जिस पर ललित ने टाइम बताने के लिए अपनी जेब से मोबाइल निकाला। फोन जेब से निकालते ही आरोपियों ने उससे मोबाइल फोन छीन लिया।
इसके बाद आरोपी बाइक लेकर भागने लगे। आरोपियों को भागते देख युवक ने उन्हें पकड़ने का प्रयास भी किया लेकिन आरोपी उसे धक्का देकर वहां से फरार हो गए।
युवक ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मौके पर बुलाया लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़ित ने बताया कि घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।