दिल्ली के आनंद पर्वत से गायब हुई लड़की वहीं के एक युवक के साथ हरिद्वार के लाल मंदिर के पास किराए पर कमरा लेकर रहते हुए मिली। युवक पहले से ही शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे थे।
पुलिस ने युवती को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने युवती को उसके मां बाप के पास रखने का आदेश दिया। आरोपी के खिलाफ दिल्ली थाने में दर्ज मामले पर कार्रवाई की जा रही है।
पिता ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
दिल्ली के आनंद पर्वत क्षेत्र निवासी युवती पिछले सप्ताह से लापता हो गई थी। युवती के पिता ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। वहीं ज्वालापुर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली की एक युवक अपने से कम उम्र की लड़की के साथ लाल मंदिर के पास किराए पर कमरा लेकर रह रहा है।
पुलिस ने उन दोनों को हिरासत में ले लिया। लड़की से पूछताछ में मामले की जानकारी हुई तो पुलिस ने दिल्ली पुलिस से जानकारी की। जिसमें लड़की की गुमशुदगी दर्ज होने की जानकारी हुई।
आरोपी पहले से है शादीशुदा
पूछताछ में पता चला कि आरोपी कमल किशोर पहले से ही शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर आरोपी को दिल्ली पुलिस को सौंपेगी।
कोतवाली के एसएसआई गिरिश चंद शर्मा ने बताया कि लड़की को कोर्ट में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने लड़की को उसके मां बाप को सुपुर्द करने के आदेश दिए।