गांव की लड़कियों को छेड़ने से मना करने की इतनी खौफनाक सजा मिलेगी ये कभी चुन्नू ने सोचा भी नहीं होगा। कहानी पढ़कर आप भी सहम जाएंगे। कई दिनों की भागदौड़ के बाद पुलिस ने एक सप्ताह पहले हुई दूध कारोबारी की हत्या का खुलासा करते हुए तीनों हत्यारोपियों को सोहलपुर सिकरोढ़ा गांव से गिरफ्तार कर लिया।
हत्यारोपी गांव में युवतियों और महिलाओं से छेड़खानी करते थे। इस पर कारोबारी ने तीनों को हरकत से बाज नहीं आने पर पुलिस के हवाले करने की चेतावनी दी थी। इससे बौखलाए हत्यारोपियों ने योजना बनाकर पांच सितंबर को दूध कारोबारी की हत्या कर दी।
डीआईजी पुष्पक ज्योति ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सोहलपुर सिकरोढ़ा निवासी दूध कारोबारी चुन्नू को करंट उस समय दिया गया जब वह तड़के चार बजे दूध लेने रांघड़वाला गांव जा रहा है। ट्रांसफार्मर से बिजली की तार जोड़कर सड़क के दूसरे किनारे पर पेड़ से बांध दी थी।
जैसे ही चुन्नू बाइक लेकर मौके से गुजरा करंट लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद बेटे सलामत की ओर से अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। डीआईजी ने बताया कि एक सप्ताह की भागदौड़ के बाद पुलिस को वारदात में शामिल अमजद, आसिर और शावेज को दबोचने में सफलता मिली।
पत्रकार वार्ता में डीआईजी ने बताया कि मोहल्ले की लड़कियों के साथ छेड़खानी को लेकर हत्यारोपी अमजद की चुन्नू से कई बार कहासुनी भी हो गई थी। इस पर चुन्नू ने अमजद को चेतावनी दी थी कि यदि वह अपनी हरकत से बाज नहीं आया तो उसे पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा। वारदात में शामिल शावेज के साथ चुन्नू की भी रंजिश हो गई थी।
गांव में किसी घटना को लेकर हुई पंचायत में चुन्नू ने खुलेआम कहा था कि गांव का माहौल खराब करने वाले इन तीनों आरोपियों को हवालात पहुंचाना बेहद जरूरी है। उसके बाद से रंजिश और गहरा गई थी। वारदात में शामिल मुख्य हत्यारोपी अमजद पेशे से इलैक्ट्रिशियन है। उसने ही चुन्नू की करंट से हत्या करने की योजना बनाई थी। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके, एसपी देहात मणिकांत मिश्रा, सीओ रुड़की एसके सिंह ने हत्यारोपियों से पूछताछ की है।