प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को शादी का झांसा देकर हवस का शिकार बनाया। बाद में जब प्रेमिका ने शादी के लिए कहा तो उसे घर बुलाकर बंधक बना लिया। फिर खुद भी उसे पीटा और घरवालों से भी पिटवाया।
युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती की मां ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी युवक समेत उसके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने बताया है कि उसकी बेटी नगर के वेब कंप्यूटर सेंटर पर दो साल से कंप्यूटर सीखने के लिए जा रही थी। इसी दौरान कंप्यूटर सेंटर संचालक फईम मिर्जा ने उसे शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए।
बिना बताए कर ली मंगनी
बाद में उसने अपनी मंगनी किसी दूसरी लड़की के साथ तय कर ली। युवती ने जब शादी करने पर जोर डाला तो आरोपी ने उसे अपने घर बुलाकर बंधक बना लिया। इसके बाद परिजनों ने उसके साथ मारपीट की।
साथ ही धमकी भी दी। जानकारी मिलने पर युवती की मां कुछ लोगों को लेकर वहां पहुंची और उसे मुक्त कराया। युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी फईम, पिता सलीम, भाई वसीम व अजीम, मां अकीला और बहन नाज और परवीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब युवती का मेडिकल परीक्षण कराने की तैयारी कर रही है। नगर पुलिस चौकी प्रभारी दीपक कठैत का कहना है कि मामले में मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।