राजधानी देहरादून के होटल में ठहरे युवक ने सल्फास की गोलियां खाकर जान दे दी है। युवक राजस्थान के अकाउंट अफसर का बेटा था। पुलिस ने देर शाम दून पहुंचे परिजनों को उसका शव सौंप दिया है।
राजस्थान के सूर्यनगर कोटड़ा, अजमेर निवासी नवीन मालू (43) पुत्र मानकरण पांच सितंबर की दोपहर पटेल रोड स्थित शुभम होटल के कमरा नंबर 314 में ठहरा था। होटल में आईडी के रूप में वोटर कार्ड जमा कराया। सोमवार रात वेटर से कमरे में खाना मंगाया। मंगलवार को जब काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो संदेह पर होटल कर्मियों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो नवीन बेड पर पड़ा था।
होटल के सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस पहुंची। नवीन के मुंह से काफी खून निकल रहा था। बेड पर सल्फास की डिब्बी, गोलियां और दर्द निवारक गोलियां भी पड़ी थीं। कमरे से लैपटॉप, सूटकेस और पर्स भी मिला है।
पहले बताया पूर्व डिप्टी कमिश्नर
सीओ सिटी एचसी सती ने जब नवीन के मोबाइल पर आई मिस्ड कॉल वाले नंबर पर कॉल की तो कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने बताया कि वे नवीन के पिता हैं और अजमेर के पूर्व डिप्टी कमिश्नर हैं।
देर शाम दून पहुंचे नवीन के पिता ने बताया कि वे अजमेर में कलक्ट्रेट के अकाउंट अफसर रहे हैं। डिप्टी कमिश्नर वाली बात पर उन्होंने कहा कि सुनने में गफलत हुई होगी। बताया कि नवीन उनका इकलौता बेटा था। तीन साल पहले पत्नी से तलाक होने के बाद से नवीन मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। तब से उसने बिजनेस भी छोड़ दिया था। सत्संगों में जाता और इधर-उधर घूमा करता था। बताया कि नवीन के दो बच्चे हैं।
कई मिस्ड कॉल थीं नवीन के मोबाइल में
नवीन के मोबाइल में कई मिस्ड काल आई थीं। नवीन की मोबाइल पर आखिरी बार रविवार को घरवालों से बात हुई थी। नवीन ने होटल के कर्मचारियों से परेशान होने की बात कही थी। घरवालों ने मंगलवार सुबह से नवीन के मोबाइल में कई कॉल की थी। लेकिन नवीन ने कॉल रिसीव नहीं की। मानकरण का कहना है कि नवीन अक्सर ऐसा करता था।