हरिद्वार के नारसन कलां गांव में एक युवक का शव घर में पड़ा मिला। उसके परिजनों ने पास के गांव के एक युवक पर हत्या करने का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ ही आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
नारसन कलां गांव निवासी आदेश कुमार (32) पुत्र मांगेराम निवासी ब्रहमपुर गांव स्थित गन्ने की चर्खी पर अपनी पत्नी समेत काम करता था। शुक्रवार की सुबह वह नहीं उठा तो उसकी पत्नी ने उसे अवाज दी। जवाब नहीं आने पर वह उसे उठानी गई।
वहां जाने पर पता चला कि वह मृत हालत में पड़ा है। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए। नारसन कलां से मृतक के घर वाले आए तो उन्होंने ब्रहमपुर के ही एक युवक पर आदेश की हत्या करने का आरोप लगाया।
शव पोस्टमार्टम को भेजा
पुलिस ने विवाद होते देख शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। लेकिन मृतक के परिजनों ओसराम, कल्लू, फुलचंद आदि ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। सीओ जीबी पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।