देर रात कांवली रोड क्षेत्र में शिवाजी धर्मशाला के पास किराए पर रह रहे दंपति के घर एक संगठन से जुड़े कुछ लोग घुसे और युवक को पीटने लगे। इस बीच जबरन युवक को उठाकर ले जाने लगे तो महिला के शोर मचाने पर जुटी पब्लिक के विरोध पर वे लोग चले गए।
मौके पर एसपी सिटी, सीओ फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है। महिला और युवक से भी पूछताछ जारी है। इधर मामला दो संप्रदायों का जुड़ा होने और रमजान का महीना होने की वजह से पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा और कड़ी कर दी है।
शादीशुदा युवती को भगाकर लाया था युवक
जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ के इंद्राकॉलोनी निवासी दूसरे संप्रदाय का युवक पार्लर में साथ काम करने वाली शादीशुदा महिला को देहरादून भगाकर ले आया। यहां दोनों ने शादी भी कर ली। दोनों खुद को मियां-बीवी बताकर शिवाजी धर्मशाला के पास किराए के एक मकान में 20 से 25 दिन से रह रहे थे।
इसी बीच दोनों के अलग-अलग संप्रदाय के होने और महिला को भगाकर लाने की बात पता चलने पर हिंदु संगठन से जुड़े कुछ युवक देर रात कांवली रोड पहुंचे।
युवक का दरवाजा खटखटाया, दरवाजा खुलते ही युवक को पीटने लगे और जबरन उठाकर ले जाने लगे। इसी बीच शोर मचने पर आसपास के लोग जाग गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को फोन कर दिया तो युवक भाग खड़े हुए। पुलिस ने युवक को पीटने वाले तीन युवकों को देर रात ही हिरासत में ले लिया है। युवक और महिला के परिजनों के साथ ही पुलिस चंडीगढ़ पुलिस से भी संपर्क साध रही है।