भनोली तहसील के दूरस्थ गांव पाली गुणादित्य में उद्यान सचल दल केंद्र कार्यालय में बुधवार रात शराब पीकर हुए झगड़े में चतुर्थ श्रेणी कर्मी (माली) ने लोहे के पाइपों से सिर फोड़कर 55 वर्षीय ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (वीडीओ) की हत्या कर दी। सूचना मिलने पर एसडीएम अवधेश कुमार सिंह राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। राजस्व पुलिस ने आरोपी माली को धारा 302 और एससीएसटी एक्ट में गिरफ्तार कर लिया है। मृतक बागेश्वर जिले के ग्राम पंचायत लोहारखेत का मूल निवासी है। वीडीओ पिछले एक दशक से गुणादित्य में तैनात था।
राजस्व पुलिस के अनुसार पाली गुणादित्य में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पनी राम (55) पुत्र जैत राम, माली दीपक बिष्ट (35) निवासी मेल्टाजोल और एक अन्य व्यक्ति बुधवार सायं करीब तीन बजे से उद्यान सचल केंद्र में शराब पीने लगे। करीब पांच बजे तीसरा व्यक्ति अपने घर को चला गया। उद्यान सचल केंद्र में वीडीओ पनीराम और माली दीपक बिष्ट ही रह गए।
बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों ने केंद्र के प्रथम तल के बरामदे में पनीराम का शव पड़ा देखा। उसके सिर और मुंह से खून बह रहा था। गुणादित्य के प्रधान खीमानंद ने इसकी सूचना राजस्व पुलिस को दी। उपजिलाधिकारी अवशेष कुमार सिंह नायब तहसीलदार बहादुर सिंह कुमल्टा, राजस्व उप निरीक्षक जगदीश प्रसाद, नवीन सनवाल, दीप तिवारी आदि के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। दोपहर बाद अल्मोड़ा से पहुंची पुलिस की फोरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट लिए और जांच की।