मानसून शुरू होते ही हर साल की तरह इस साल भी राजधानी में चोरों का गिरोह सक्रिय हो गया है। बीती रात कैंट क्षेत्र में कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर मोबाइल स्टोर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के मोबाइल चोरी कर लिए। स्टोर से 70 विभिन्न कंपनियों के स्मार्ट फोन चोरी किए गए हैं। चोरों ने दुकान में आधे तक चोरी की और फिर कार में बैठकर फरार हो गए। सारा घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ है। इसके अलावा चोरों ने एक अन्य दुकान का भी ताला तोड़ा, मगर वहां कोई सामान न होने के कारण खाली हाथ ही लौटना पड़ा। दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक अमित कुमार अग्रवाल निवासी गढ़ी कैंट की क्षेत्र में ही बिजनेस सेंटर के नाम से मोबाइल की दुकान है। यह दुकान कोतवाली से महज 40 मीटर की दूरी पर है। हमेशा की सोमवार रात को भी अमित करीब नौ बजे दुकान बंद कर घर चले गए। मंगलवार सुबह अमित को किसी ने सूचना दी कि उनकी दुकान का शटर खुला हुआ है। इसकी सूचना अमित ने पुलिस को दी और खुद भी दुकान पर पहुंच गए। सूचना के बाद इंस्पेक्टर कैंट मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जांच की तो देखा कि दुकान से कुल 70 स्मार्ट फोन (सैमसंग, एमआई, वीवो, ओपो आदि) के चोरी हो चुके हैं। बकौल अमित इन स्मार्ट फोन की कीमत लगभग 10 से 12 लाख रुपये के बीच है।
इसके बाद पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी की जांच की तो पता चला कि चोरों ने रात लगभग डेढ़ बजे शटर का ताला तोड़ा था। इसके बाद उन्होंने वहां करीब सवा दो बजे तक चोरी की। सीसीटीवी फुटेज में दुकान के अंदर दो चोर दिख रहे हैं। बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग से पता चला है कि चोरो ने दुकान के बाहर ही अपनी कार खड़ी की हुई थी। घटना के बाद दोनों चोर कार में बैठकर फरार हो गए। इंस्पेक्टर कैंट शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि अमित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कार के नंबर के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।
दूसरी दुकान में नहीं मिला सामान
चोरो ने अमित की दुकान से कुछ दूरी पर ही एक अन्य मोबाइल स्टोर में भी हाथ साफ करने की योजना बनाई थी। इस दुकान का भी उन्होंने शटर तोड़ा और अंदर दाखिल हुए, लेकिन सफल नहीं हो पाए। बताया जा रहा है कि जिसकी यह दुकान है वह रात में ही अपने मोबाइल घर ले जाता है और फिर सुबह उन्हें दुकान में सजा देता है। पुलिस इस दुकान मालिक की शिकायत पर भी जांच कर रही है।
आशारोड़ी से मोड़ी कार
गढ़ी कैंट से कार में सवार हुए चोर सहारनुपर की तरफ गए थे। इंस्पेक्टर बिष्ट ने बताया कि शहर के इस रूट के सभी कैमरों की फुटेज खंगाली गई हैं। शायद उन्हें पता है कि आशारोड़ी पर नंबर प्लेट पहचान करने वाले कैमरे और हर समय चेकिंग रहती है। इसी बात को सोचते हुए उन्होंने आशारोड़ी से कार शहर की ओर मोड़ ली है।