देहरादून के जोहड़ी रोड पर पुलिस संचार भवन के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला से पर्स लूट लिया। चेकिंग के बाद बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में नशाखोरी की वजह से आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं।
पुलिस संचार भवन के सामने की घटना
राजपुर थाना क्षेत्र में जाखन से जोहड़ी रोड पर पुलिस संचार भवन के पास समाज कल्याण विभाग में बाबू आरपी उनियाल का आवास है। शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उनकी पत्नी पुष्पा उनियाल बाजार से खरीदारी कर लौट रही थीं।
घर के पास पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया। इसके बाद बदमाश जोहड़ी गांव की तरफ फरार हो गए। शोर-शराबा हुआ तो उधर से गुजर रहे समाजसेवी आरपी शर्मा ने 100 नंबर पर इसकी जानकारी दी।
हाथ नहीं आए बदमाश
पर्स में मोबाइल के अलावा नकदी, आईडी आदि बताई गई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि जोहड़ी के जंगल में नशा करने वाले असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है।