नेपाल बॉर्डर पर कुछ अराजक तत्वों ने एक कर्मचारी को गोली मार दी। इसके बाद लाखों रुपए की रकम लेकर फरार हो गए। बैंक में रुपये जमा करने गए कैलाली जिले के धनगड़ी उप नगरपालिका के वार्ड संख्या 2 मेन रोड स्थित आईएमई के कर्मचारी को बदमाशों ने गोली मारकर साढ़े नौ लाख रुपये लूट लिए। देर शाम पुलिस ने दो बदमाशों को रुपये के साथ पकड़ लिया है।
बताया जाता है कि धनगड़ी 3 निवासी निर्मल कार्की एवं आईएमई कर्मी रविवार को ग्लोबल बैंक में रकम जमा करने गया था। इसी दौरान बैंक के अंदर अज्ञात बदमाशों ने निर्मल को गोली मारकर साढ़े नौ लाख रुपये लूट लिए। गोली निर्मल की छाती और हाथ में लगी। इसके बाद बदमाश रकम लेकर फरार हो गए।
नेपाल प्रहरी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार घायल निर्मल का इलाज सेती अंचल के अस्पताल में चल रहा है। लूट और गोलीकांड की घटना से क्षेत्र में दहशत है। इधर, देर शाम प्रहरी उपनिरीक्षक विनोद धिमिरे ने बताया कि दो बदमाशों को कैलाली जिले के लेटा नामक स्थान से साढ़े नौ लाख रुपये और बाइक के साथ पकड़ा है। उनसे पूछताछ की जा रही है।