गरीबों की किडनी निकालकर दुबई और ओमान के विदेशियों को ट्रांस प्लांट करने वाले गिरोह के सरगना डा अमित के सहयोगी जगदीश को पुलिस ने सूरत से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर देहरादून के लिए रवाना हो गई है।
शनिवार रात तक उन्हें यहां पहुंचने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक जगदीश लगातार डा अमित से फोन पर संपर्क में था। किडनी रैकेट में उसका क्या रोल था, यह पूछताछ के बाद ही सामने आ पाएगा। उधर अक्षय के संभावित ठिकानों पर देर रात कार्रवाई चलती रही।
देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर लाल तप्पड के गंगोत्री चैरिटेबिल अस्पताल की आड़ में किडनी की खरीद-फरोख्त का काला धंधा उजागर होने के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है। छह टीमें मुंबई, सूरत, गुड़गांव, हरियाणा, दिल्ली में डेरा डाले हुए थी।