देहरादून के डोईवाला क्षेत्र स्थित लालतप्पड़ में गन्ने के खेतों के बीचों-बीच चल रही शराब की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। आबकारी और पुलिस विभाग की टीम ने सोमवार को छापा मारकर पांच लोगों को गिरफ्तार करने के साथ तीन हजार लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।
इसके अलावा यहां से काफी मात्रा रेपर, होलोग्राम और खाली बोतलें बरामद हुई है। कई लोग मौके से भागने में कामयाब हो गए। पुलिस आसपास के गोदामों को भी शक के आधार पर खंगाल रही है।
डोईवाला कोतवाली क्षेत्र के लालतप्पड़ पुलिस चौकी के औद्योगिक क्षेत्र में गन्ने के खेतों के बीच अवैध रुप से शराब बनाने का गोरखधंधा चल रहा था। सोमवार को आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी की। पुलिस कार्रवाई से अवैध रुप से शराब बनाने वालों में भगदड़ मच गई। पांच लोगों को तो मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि कई लोग पीछे के दरवाजे से भागने में कामयाब हो गए।