देहरादून स्थित पुलिस महानिरीक्षक ऑफिस में कब्जे के प्रयास की शिकायत करने के बाद अगवा बुजुर्ग का शव विकासनगर क्षेत्र से बरामद हुआ। हत्या करने के बाद शव को प्लास्टिक के बोरे में बंद कर फेंका गया था। क्लेमेंटाउन पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है।
विकासनगर क्षेत्र के आसन बैराज के पास रविवार सुबह दस बजे नदी किनारे झाड़ियों से दुर्गंध महसूस हुई। शक होने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर आए चौकी प्रभारी हरबर्टपुर योगेश पांडेय ने लोगों की मदद से झाड़ियों में तलाश शुरू की। इसी बीच एक झाड़ी के नीचे बोरी में शव मिला।
शव में कीड़े पड़ चुके थे। देर शाम शव की पहचान राव शफी मुहम्मद (67) निवासी ई-30 ओगल भट्टा क्लेमेंटाउन के रूप में हुई है। माना जा रहा है कि प्रॉपर्टी पर कब्जे का विरोध करने पर बुजुर्ग की हत्या की गई है। बता दें शफी मुहम्मद क्लेमेंटाउन के टर्नर रोड पर डेढ़ बीघा भूमि के केयर टेकर थे।
शफी ने तीन अगस्त को आईजी संजय गुंज्याल के आफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग जमीन पर कब्जा करने की फिराक में है। लौटते समय रास्ते में शफी को अगवा कर लिया गया था।
अगले दिन परिजनों की शिकायत पर आईजी ने पुलिस को अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। पुलिस इस मामले में कई दिन से संदिग्धों से पूछताछ कर रही थी। पुलिस अधीक्षक नगर अजय सिंह ने बताया कि कुछ सुराग मिले हैं, जिन पर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।