उत्तराखंड के हल्द्वानी में पत्नी की बेवफाई से तंग आकर एक पति ने ऐसा कदम उठाया कि उसका पूरा परिवार उजड़ गया।
यहां इंद्रानगर निवासी शहनाज की मां साबरा का आरोप सही निकला। दूसरे पति मुसर्रत ने पुलिस के समक्ष खुलासा किया कि उसने बेवफाई के चलते शहनाज का अपने घर में कुल्हाड़ी से कत्ल किया था। सबूत मिटाने के लिए वह शव को बोरे में बंदकर गौला बाईपास में ट्रंचिंग ग्राउंड पर ले गया।
शव को जलाने के बाद हड्डियों को जमीन में दफन कर दिया। इसके बाद वह शहनाज के बेटे को दिल्ली आनंद विहार बस स्टेशन और बेटी को हापुड़ में छोड़कर चला आया। बनभूलपुरा पुलिस ने मुसर्रत को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने दिल्ली से शहनाज के बेटे को एक संस्था से बरामद कर लिया है। बेटी की तलाश करने के लिए पुलिस टीम हापुड़ भेजी गई है।
बड़ी मस्जिद इंद्रानगर निवासी साबरा ने बनभूलपुरा पुलिस में 26 अक्तूबर को सूचना दी कि उसकी बेटी शहनाज अपने बेटे अलफैज (06) और बेटी अलशिफा (04) के साथ लापता है। इस मामले में चार दिन बाद पुलिस ने धारा 365 के तहत गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया।