तीन बेटियों के बावजूद दूसरी शादी करने वाले पति की शिकायत करना एक महिला को भारी पड़ गया। पति ने लात और घूंसों से इतनी पिटाई की कि उसकी जान चली गई।
पुलिस को गुमराह करने के लिए वह घायल पत्नी को अस्पताल भी ले गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को घर लाने पर मोहल्ले वालों ने पोल खोल दी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
मोहल्ला खताड़ी में छप्पर वाली मस्जिद के पास रहने वाले इसरार की शादी 17 साल पहले कबीर नगर मकान नंबर बी 13/60 दिल्ली निवासी महबूब खान की बेटी नूरी फातमा उर्फ शहजादी से हुई थी।
इसरार की तीन बेटियां हैं। नूरी फातमा के मायके वालों का आरोप है कि बेटा न होने पर आए दिन नूरी फातमा को ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे। मारपीट भी की जाती थी।