टिहरी में थौलधार ब्लाक मुख्यालय के नजदीक सुनार गांव में एक सिरफिरे ने अपनी पत्नी की गला घोंट कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।
बुधवार रात हुई घटना का पता बृहस्पतिवार सुबह तब चला, जब मृतका के नौ वर्षीय बेटे ने इसकी जानकारी अपने नाना को दी। राजस्व पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
सुनार गांव में बृहस्पतिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया।
नाक से बह रहा था खून
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका बबीता (31) के पिता गोविंद सिंह पुरषोड़ा कई लोगों के साथ मौके पर पहुंचे तो विवाहिता का शव जमीन पर पड़ा था और उसके नाक से खून बह रहा था।
गले में उंगलियों के निशान भी देखे गए। बताया गया कि बुधवार रात को दोनों पति-पत्नी खाना खाने के बाद सो रहे थे। इस बीच मजदूर पति राजेंद्र सिंह राणा (35) ने झगड़ा शुरू कर दिया और गुस्से में आकर पत्नी का गला घोंट दिया।
छिप गया बेटा
रात 10 बजे जब यह घटना हुई, तब कमरे में उनका बेटा अनूश (9) भी था। बच्चे ने बताया कि दोनों के बीच झगड़ा होने पर वह कोने में दुबक गया था। इस दौरान गांव में बिजली भी नहीं थी।
सुबह उठकर देखा तो मां के नाक से खून बह रहा था। जब वह उठी नहीं, तो उसने गांव के पास ही रह रहे अपने नाना गोविंद सिंह को घटना की जानकारी दी।
पहले भी कर चुका था मारपीट
कंडीसौड़ राजस्व पुलिस को दी तहरीर में मृतका के पिता ने बताया कि राजेंद्र ने एक हफ्ते पहले भी बबीता के साथ मारपीट की थी जिसकी रिपोर्ट राजस्व पुलिस चौकी को दी गई थी। पटवारी ने आरोपी को बुलाया, तो उसने फिर ऐसी हरकत न करने की बात कही थी।
पटवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया गला घोंटने से हत्या की गई है। मृतका के पिता की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।