देहरादून के राजपुर में शनिवार रात मुरादाबाद के डिप्लोमा इंजीनियर नीरज की हत्या उसी के दोस्त राजेश सैनी ने की थी। वह अपनी मंगेतर को अश्लील एसएमएस भेजने से चिढ़ा हुआ था। पुलिस ने सोमवार को राजेश सैनी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मृतक का मोबाइल और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए। हत्यारोपी ने मुरादाबाद से चलते हुए ही ठान लिया था कि नीरज ने अपनी हरकत बंद नहीं की तो वह उसे जान से मार देगा।
राजपुर की अंशल ग्रीन विहार कॉलोनी में शनिवार रात नीरज कुमार, निवासी प्रकाश नगर, गली नंबर 3, लाइन पार, मुरादाबाद की उसके परिचित और सरस्वती पॉलीटेक्निक संस्थान के मालिक ज्ञानेन्द्र कुमार वर्मा के आवास पर नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई थी।
कत्ल करने के बाद आरोपी उसके खून से दीवार पर क्रास का निशान बनाते हुए लिख गया था कि मेरी बहन के साथ रेप किया था।
मामा का लड़का बन आया था घर
मकान मालिक ज्ञानेन्द्र और उनकी पत्नी स्वांजलि से पूछताछ में पता चला था कि शनिवार रात नीरज के साथ कमरे पर उसके मामा का लड़का भी मौजूद था।
पुलिस ने मामा के लड़के संदीप ने पूछा तो उसने इससे इनकार किया जिसके बाद पुलिस ने नीरज के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली और नंबरों के जरिए हत्यारोपी की तलाश शुरू की। इसके आधार पर सोमवार को मुरादाबाद से नीरज के पड़ोस में रहने वाले राजेश सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक (नगर) अजय सिंह ने बताया कि मोबाइल कॉल डिटेल में मिले नंबरों की लोकेशन पता की गई तो साफ हो गया कि राजेश सैनी उस रात दून के राजपुर इलाके में था। इसके बाद दून से गई पुलिस टीम ने तड़के नीरज को मुरादाबाद से दबोच लिया।
मना करने के बावजूद मंगेतर को करता रहा एसएमएस
तस्वीर- पुलिस हिरासत में हत्यारोपी राजेश (लाल घेरे में)
उन्होंने बताया कि राजेश सैनी के भाई का नैनीताल में दवाखाना है। इस कारण राजेश का वहां अक्सर आना-जाना होता था।
इसी दौरान एक युवती से प्रेम संबंध बन जाने पर परिजनों ने इसी साल जनवरी में उनकी मंगनी तय कर दी। दोस्ती के नाते राजेश ने दोस्त नीरज को अपनी प्रेम कहानी का राजदार बना लिया। उत्सुकता में नीरज ने राजेश के मोबाइल से मंगेतर का नंबर भी पा लिया।
पहले तो वह अनजान बनकर उसे एसएमएस करने लगा। लेकिन राजेश को नंबर के आधार पर नीरज की करतूत का पता लगा तो उसने नीरज को सुधरने के लिए कहा। साथ ही राजेश ने अपनी मंगेतर का मोबाइल नंबर भी बदलवा दिया, लेकिन नीरज तक वह नंबर भी पहुंच गया।
नशे में आपत्तिजनक बातें सुन खौल उठा खून
शनिवार रात राजेश उसे समझाने के लिए देहरादून आया था। दोनों ने शराब का सेवन किया। इस बीच कई ऐसी आपत्तिजनक बातें हुईं, जिससे राजेश का दिमाग घूम गया और उसने नीरज को ठिकाने लगाने का मन बना लिया।
तीन बजे के करीब राजेश ने बिस्तर पर सोए नीरज के सिर पर तवे और कूकर के ढक्कन से हमला कर दिया। नीरज ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन राजेश ने उस पर चाकुओं से तोबड़तोड़ हमला कर दिया।
गला दबाकर हत्या करने के बाद चार बजे के करीब राजेश कोठी की दीवार फांदकर फरार हो गया। यह भी साफ हो गया है कि पुलिस को गुमराह करने के लिए ही उसने दीवार पर बहन के साथ रेप की बात लिखी थी।