देहरादून के तल्ला आमवाला में बुधवार सुबह एक नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुसाइड नोट नहीं मिला है और न ही परिजन वजह पर किसी तरह की रोशनी डाल पाए हैं।
रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला आमवाला निवासी दिलीप सिंह की पुत्री लक्ष्मी (16) 11वीं की छात्रा थी। वह गांव में पॉलीटेक्निक कॉलेज में भी काम करती थी। बुधवार तड़के पौने छह बजे के करीब लक्ष्मी सो कर उठी।
नहीं मिला सुसाइड नोट
इसके बाद साढ़े छह बजे के करीब उसने घर के पंखे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। कुछ देर बाद परिजनों की नजर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। लक्ष्मी को पंखे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने कमरे की तलाश भी ली, लेकिन किसी तरह का नोट नहीं मिल सका है। पीएम के बाद मृतका का शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। रायपुर एसओ अबुल कलाम ने बताया कि मृतक के पिता मजदूरी करते हैं।
नहीं मिल रहा जवाब
लक्ष्मी ने हाईस्कूल हरिद्वार के रानीपुर स्कूल से किया था। इस साल परिजनों ने उसे यहां एडमिशन दिला दिया था। परिजन घर में किसी तरह का तनाव होने से इनकार कर रहे हैं, लेकिन सवाल उठता है कि आखिर ऐसी क्या वजह थी कि लक्ष्मी को मौत की राह चुननी पड़ी।