जालंधर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर कस्बा भंगाला के पास स्थित गांव जडवाल के बाहर एक ट्रक और कार के बीच हुई भीषण भिड़त में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप में घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सवार चार दोस्त कार में जम्मू से मोहाली आईपीएल क्रिकेट मैच देखने जा रहे थे।
मानसर पुल के पास हाईवे पर ट्रक चल रहे थे और इसी दौरान उनकी कार (जेके 21-7788 ) अचानक बेकाबू हो गई और आगे जा रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। दुघर्टना में कार सवार दीपक शर्मा और राघव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों युवक जम्मू के विजयपुर के निवासी थे।
अजीत राम निवासी मोहल्ला शिव नगर जम्मू और कपिल शर्मा निवासी सांबा गंभीर रूप में घायल हो गए। दोनों घायलों को लोगों ने निजी अस्पताल भंगाला में दाखिल करवाया।
थाना मुकेरियां के एसएचओ जगदीश राज के मुताबिक घायलों ने बताया कि उनकी कार तेज रफ्तार में जा रही थी कि ट्रक से भिड़ गई। ट्रक चालक ट्रक सहित घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।