उत्तराखंड के कोटद्वार क्षेत्र के एक गांव में गैंगरेप की शिकार किशोरी ने यहां एक अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया है। गैंगरेप के सनसनीखेज मामले में पुलिस तीन आरोपियों को 15 सितंबर को जेल भेज चुकी है।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों और नवजात बच्ची का डीएनए सैंपल लेकर जांच के लिए देहरादून भिजवाया है।
शहर से सटे एक गांव में 15 सितंबर को 14 वर्षीय किशोरी से गैंगरेप का मामला प्रकाश में आया था। मामले का पता तब चला जब तबीयत खराब होने पर परिजन किशोरी को डॉक्टर के पास ले गए। वहां किशोरी के गर्भवती होने की बात सामने आई। इसके बाद पीड़िता ने मां को अपने साथ गैंगरेप की बात बताई।
आरोपियों और बच्ची का लिया डीएनए टेस्ट
किशोरी के साथ गैंगरेप की खबर मिलते ही परिजन सन्न रह गए। पीड़िता की मां ने तीन युवकों चंदू, दिनेश और हरीश के खिलाफ सामूहिक दुराचार के आरोप में तहरीर दी थी जिसके आधार पर पुलिस ने पोक्सो, दुराचार, अपहरण, एससी और एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्जकर आरोपियों को जेल भेज दिया था।
तीनों आरोपी अभी जेल में हैं। मामले की छानबीन सीओ कोटद्वार अरुणा भारती कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार डीएनए टेस्ट रिपोर्ट मिलने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। बच्ची का डीएनए तीनों आरोपियों से मैच किया जाएगा। मेडिकल आफिसर डॉ. सुभाष कुमार ने बताया कि बच्ची और तीनों आरोपी युवकों के डीएनए टेस्ट के लिए ब्लड और बाल के सैंपल लिए गए हैं। सैंपल को देहरादून स्थित लैब में भेजा गया है।