रंजिश के चलते हत्या के प्रयास की घटना को अंजाम देने आरोपी करीब डेढ़ सौ किलोमीटर का सफर तय कर के मंगलौर पहुंचा। उसने मिल में गन्ना लेकर आए किसान की लोकेशन लेने के लिए एक मुखबिर का भी सहारा लिया। उसके बाद उसने मिल के यार्ड में सोए किसान हरीश पर फायर किए और यह सोचकर भाग निकला कि अब वह मर गया है।
उत्तम मिल के केन यार्ड में जिस किसान हरीश को गोली मारी गई। वह हरियाणा के सोनीपत जिला के गांव मेहंदीपुर का रहने वाला है। गोली मारने का आरोपी निखिल भी उसी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। दोनों के परिवारों के बीच रंजिश चल आ रही है। पुलिस के अनुसार रंजिश के चलते ही निखिल ने हरीश की हत्या की ठानी हुई है।
गोली लगने के बाद हरीश ने अपने साथी को बताया कि उसे निखिल ने गोली मारी है। साथ ही गन्ना लेकर उनके साथ आए एक अन्य किसान ने उसके बारे में निखिल को मुखबिरी की है। घायल हरीश की मानें तो आरोपी को उसके उत्तम मिल में गन्ना लेकर आने से उसके यहां पहुंचने तक की पूरी जानकारी थी। यह भी बताया जा रहा है कि आरोपी अपने एक साथी को लेकर बाइक से केन यार्ड पहुंचा था।