वॉट्सऐप ग्रुप पर धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर कोतवाली पुलिस ने खेड़ा निवासी ग्रुप एडमिन के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टिप्पणी को दूसरे ग्रुपों में वायरल करने वालों को भी चिन्हित कर रही है।
कुछ समय पूर्व खेड़ा क्षेत्र निवासी किशन राठौर ने खेड़ा एकता नाम से वॉट्सऐप ग्रुप बनाया था। कुछ दिन पहले उसने धार्मिक भावना को आहत करने वाली टिप्पणी ग्रुप में पोस्ट कर दी थी। इस पर आपत्ति जताते हुए वार्ड नंबर पांच खेड़ा निवासी मोहम्मद यूसुफ पुत्र हाजी छुट्टन ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी। आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणी से कुछ लोग सांप्रदायिक तनाव पैदा करना चाहते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाल तुषार बोरा ने ग्रुप एडमिन किशन राठौर के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले के साथ ही ग्रुप एडमिन पर भी कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल का कहना है कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बकरीद के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।