मसूरी में लाइब्रेरी रोड स्थित दो होटलों में ठहरे पर्यटकों के बीच शनिवार रात तंबोला खेलने को लेकर विवाद हो गया।
मामूली बहस से शुरू हुआ मामला इतना बढ़ गया कि देर रात करीब एक बजे दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें एक युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
रात से तहरीर लेकर भटक रहे पर्यटकों की पुलिस ने एक न सुनी। सुबह विधायक गणेश जोशी के हस्तक्षेप के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई।
कई होटलों में सजने लगे चौपड़
छुट्टियां शुरू होते ही मसूरी में पर्यटक जुटना आम है। घूमने-ठहरने के अलावा शौकीन पर्यटकों के लिए कई जगहों पर चोरी छुपे जुए का धंधा भी शुरू हो जाता है।
इनमें होने वाले विवाद और हंगामों के बावजूद पुलिस नकेल कसने से बचती है। नौबत यहां तक है कि रात के वक्त तिलक रोड पर पैदल चलना दुष्कर है।
कई होटलों में नगर के कुछ सफेदपोश की शह पर जुआ चलता है। ऊंची पहुंच के चलते पुलिस उन पर हाथ डालने से हिचकती है। यह बात दबी जुबां पुलिस भी स्वीकारती है।
विजय हांडा के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज
पुलिस की कार्यशैली पर आक्रोशित पर्यटकों ने कुलड़ी चौकी में धरना दिया। इसके बाद मॉल रोड पर नारेबाजी की गई।
यहां से पर्यटक थाने पहुंचे और घायल राजन कक्कड़ पुत्र इंद्रमोहन निवासी गली न. 1348 राधास्वामी कॉलोनी, फाजिल्का पंजाब ने मारपीट के आरोपी विजय हांडा के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया।
शहर कोतवाल जयमल सिंह नेगी ने कहा कि आरोपी विजय हांडा की तलाश की जा रही है।
उसकी ऑडी कार पुलिस ने कब्जे में ली है। मारपीट के अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।