मारपीट के दौरान एक युवक चाकू से घायल हो गया।
- फोटो : Demo pic
शहर से सटे सलेमपुर में एक प्लाट को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मारपीट के दौरान एक युवक को चाकू लग गया। लहूलुहान हालत में कोतवाली पहुंचकर युवक और उसके परिजनों ने हंगामा किया। पुलिस ने युवक का मेडिकल कराते हुए जांच शुरू कर दी।
सलेमपुर में एक प्लाट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। बुधवार को एक पक्ष ने निर्माण के लिए प्लाट पर ईंटें रख दीं जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया। कहासुनी होने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसी बीच एक पक्ष के राहुल सैनी के हाथ में चाकू लग गया।
लहूलुहान हालत और फटे कपड़े में युवक को उसके परिजन कोतवाली लेकर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस को पूछताछ के दौरान चाकू लगने का मामला प्रथम दृष्ट्या संदिग्ध लगा।
इसपर घायल पक्ष ने हंगामा करते हुए दूसरे पक्ष पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने युवक को मेडिकल कराने के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल ने बताया कि झगड़ा प्लॉट के मालिकाना हक को लेकर हुआ है, दूसरे पक्ष को कोतवाली बुलवाया गया है। पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।