बेटी से हुई छेड़छाड़ से पिता इतना आहत हुआ कि उसने अपने ही भाई के बेटे को मौत के घाट उतार दिया। मृतक ने आरोपी के बेटी से छेड़छाड़ की थी।
बीते एक नवंबर को नैनीताल जिले के रामनगर में घर से लापता हुए युवक बालम सिंह की हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने मृतक के रिश्ते के चाचा को गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने बेटी से छेड़छाड़ करने पर गुस्से में युवक की हत्या करने की बात कुबूली है। आरोपी ने एक नवंबर को ही बालम को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला था।
पुलिस ने निशानदेही पर जंगल में बनी एक गुफा से बालम का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोटाबाग के दूरस्थ ग्राम रियाड़ के तोक दोहाडी़ निवासी पार्वती देवी ने बीते रविवार को थाना कालाढूंगी में अपने पुत्र बालम सिंह (26) के एक नवंबर से गुम होने और रिश्ते के चाचा कीर्ति सिंह पर उसकी हत्या का आरोप लगाया था।
कीर्ति का भतीजा था मृतक बालम
महिला की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कीर्ति सिंह को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने गुनाह कुबूल लिया।
कीर्ति सिंह ने बताया कि बालम सिंह रिश्ते में उसका भतीजा था। आए दिन वह उसकी बेटी से छेड़छाड़ और बदतमीजी करता था। घटना वाले दिन एक नवंबर को भी बालम उसकी बेटी से छेड़छाड़ कर रहा था।
इस पर उसने उसे ठिकाने लगाने की ठान ली और वह बालम को दुकान में काम दिलाने के बहाने अपने घर ले गया, जहां लाठी-डंडों से पीटकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
रात होने पर शव को घर से करीब दो किमी दूर जंगल में एक गुफा में फेंक आया था। एसआई राहुल राठी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर देर शाम जंगल में एक गुफा से बालम सिंह का सड़ा-गला शव बरामद कर लिया है। एसआई ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रेप पीड़िता को धमकाने पर भड़का बजरंग दल
देहरादून के पटेल नगर में दुराचार पीड़िता को आरोपी पक्ष की ओर से धमकाए जाने के बाद भड़के बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को हंगामा कर दिया।
आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार को पूरी सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस से दोषियों के खिलाफ अविलंब कार्रवाई की मांग की गई।
पटेल नगर क्षेत्र की इस छात्रा ने पांच दिन पहले पड़ोसी जावेद पर दुराचार और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कराया था। आरोपी के जेल जाने के बाद आरोपी पक्ष के लोग पीड़ित परिवार को केस वापसी के लिए धमकाने लगे।
जानकारी मिलने पर बजरंग दल कार्यकर्ता बिफर गए। मंगलवार को लाल पुल से एकजुट कार्यकर्ताओं ने पीड़िता के घर पहुंचकर नारेबाजी की।
बजरंग दल जिला संयोजक अमित तोमर ने कहा कि पीड़ित परिवार को हानि पहुंचाने की कोशिश हुई तो कड़ा मुकाबला किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने बाजार चौकी पहुंचकर धमकी देने वालों पर कार्रवाई के साथ पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की।