लक्सर के दाबकी गांव में एक ससुर ने बहू पर कुदाल से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बहू का का कसूर इतना ही था कि उसने घर के आंगन में पड़े ईटों को हटाकर सफाई कर दी थी । घायल बहू को पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए लक्सर अस्पताल भेजा है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के दाबकी गांव निवासी सुमित व उसके पिता काला राम और बड़े भाई मामचंद के बीच कुछ दिनों से पुश्तैनी भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद के चलते सुमित अलग रहता है। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों काला राम व मामचंद ने पुरार्नी ईंट घर के सुमित वाले हिस्से में डाल दी।
सोमवार को सुमित की पत्नी प्रीति ने वे तमाम ईंटें वहां से हटाकर एक तरफ कर दी तथा आंगन की सफाई भी कर दी। इस पर काला राम व मामचंद आग बबूला हो गए। आरोप है पहले तो मामचंद ने प्रीति को लात घूंसों से पीटा। फिर कालाराम ने लोहे के कुदाल से उसके सिर पर वार कर दिया। हमले से प्रीति गंभीर रूप से घायल हो गई।
दोनों लोगों ने पत्नी के बचाव में आए पति सुमित की भी पिटाई कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल पति पत्नी को मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल भेजा है । मारपीट के बाद आरोपी ससुर घर से फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।