देहरादून की पॉश कॉलोनी आदर्श नगर में कारोबारी परिवार की हत्या के आरोपी बेटे हरमीत सिंह को कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इकलौता आरोपी होने का दावा दोहराया
कोर्ट परिसर में आक्रोशित परिजनों का जमावड़ा देखते हुए पुलिस बगैर कोई आमना-सामना कराए हरमीत को लेकर जेल की ओर बढ़ गई। पुलिस ने हत्याकांड में हरमीत को इकलौता आरोपी होने का दावा दोहराया है। वहीं, परिजनों का मानना है कि पूरे मामले के पीछे कोई और दिमाग काम कर रहा है।
कैंट पुलिस ने शनिवार को मेडिकल के बाद हरमीत सिंह को विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। यहां उसे 14 दिन की ज्यूडीशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपी को देखने बड़ी संख्या में लोग कोर्ट परिसर में जुटे थे।
हमले की आशंका के चलते पुलिस हरमीत को लेकर पहले ही निकल गई। एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हरजीत के गर्भ में आठ से नौ माह का बच्चा होने से मुकदमे में धारा 316 बढ़ा दी गई है। जांच में अब तक किसी और की संलिप्तता उजागर नहीं हुई है।
जीजा को भी दिवाली पर दिया था न्यौता
दिवाली से एक दिन पहले हरमीत ने यमुनानगर में जीजा अरविंदर को भी फोन कर दून बुलाया था। उसने कहा था कि दीदी तो आ गई है, दिवाली पर वह भी आ जाए। मगर त्योहार के दौरान कारोबार में बिजी होने के नाते अरविंदर नहीं आए।
कमरे से मिली आपत्तिजनक वस्तुएं
हरमीत के कमरे की तलाशी में कई आपत्तिजनक वस्तुएं मिली हैं। इनमें नशे के अलावा दूसरे सामान भी हैं। पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर सील कर दिया है।
चश्मदीद समेत कई के बयान दर्ज
आरोपी पर कानूनी फंदा कसने के लिए पुलिस ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। विवेचक इंस्पेक्टर वीके जेठा ने चश्मदीद हरमीत के भांजे कंवलजीत, उसके पिता अरविंदर सिंह समेत कई लोगों के बयान दर्ज किए हैं। कंवलजीत की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।