उत्तराखंड की धर्मनगरी ऋषिकेश में अवैध संबंधों के खुलासे के बाद खुदकुशी के प्रयास ने सबको सकते में डाल दिया है।
अवैध संबंधों के खुलासे के बाद ऋषिकेश के न्याय पंचायत थानों में शादीशुदा महिला और उसके प्रेमी ने आग लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया।
घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। उन्हें जली अवस्था में दून स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिला का पति बाहर गया हुआ था
पुलिस के मुताबिक, महिला 90 प्रतिशत और युवक 75 प्रतिशत जल चुके हैं। दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है। सनसनीखेज घटना शुक्रवार तड़के हुई।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र की एक महिला का पति किसी काम से बाहर गया हुआ था। इस बीच पत्नी ने देहरादून में जॉब करने वाले अपने प्रेमी को फोन कर घर बुला लिया।
तड़के परिवार का कोई सदस्य किसी काम से कमरे में गया तो उन्हें आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।
हालत गंभीर बनी हुई है
फिर क्या था परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया और पंचायत बुलाने की धमकी दी। अवैध संबंध की पोल खुलने से शर्मसार दोनों ने कैरोसिन छिड़कर आग लगा ली।
चीख पुकार सुनकर एकत्रित हुए लोगों ने बमुश्किल आग बुझाई और दोनों को जली अवस्था में दून स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। श्यामपुर चौकी प्रभारी उत्तम चंद रमोला ने बताया कि दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।